हरियाणा: सरकारी भर्तियों पर बोले भूपेंद्र हुड्डा- आरक्षित वर्गों के सैकड़ों पद खाली छोड़ रही सरकार
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एचपीएससी और भाजपा सरकार पर भर्तियों को लटकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आरक्षित वर्गों में भी सैकड़ों पद खाली छोड़े जा रहे हैं।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की भाजपा सरकार और हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) पर तीखा हमला बोला है। हुड्डा ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार की नीति युवाओं को रोजगार देने के बजाय भर्तियों को सालों तक लटकाने और पदों को खाली रखने की बन गई है।
नेता प्रतिपक्ष ने आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आरक्षित वर्गों के भी सैकड़ों पदों को खाली छोड़ा जा रहा है। सरकार और एचपीएससी की इस नीति के कारण प्रदेश का युवा रोजगार के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
हुड्डा ने कहा कि सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि आयोग और सरकार अपनी ढुलमुल नीति को तुरंत बदले और खाली पड़े सभी पदों को पारदर्शी तरीके से जल्द से जल्द भरा जाए।
